Haryana Weather Update: हरियाणा में शीतलहर की मार, 8 जनवरी तक ऐसा रहेगा मौसम का हाल
चंडीगढ़ :- मौजूदा समय में शीत लहर से हरियाणा कांप रहा है. हरियाणा के आधे जिले भीषण शीतलहर की मार झेल रहे हैं. इसे सीवियर कोल्ड डे भी कहा जाता है. जब न्यूनतम तापमान सामान्य की तुलना में 10 डिग्री सेल्सियस से कम और अधिकतम तापमान 4.5 डिग्री सेल्सियस से कम हो तो इसे कोल्ड डे कहा जाता है.
जब न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहता है लेकिन अधिकतम तापमान में सामान्य से 6.4 डिग्री की कमी होती है तो इसे सीवियर कोल्ड डे कहा जाता है. अंबाला, चंडीगढ़, करनाल, रोहतक, फतेहाबाद, भिवानी, सिरसा, करनाल और यमुनानगर में बुधवार को कड़ाके की ठंड रही. यहां का अधिकतम तापमान सामान्य से छह डिग्री या इससे अधिक नीचे रहा. हिसार में धूप गुनगुनी होने से अधिकतम तापमान में इजाफा हुआ है.
रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी की संभावना
नारनौल में रात पूरे प्रदेश में सबसे सर्द रही. यहां न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. पहाड़ों से मैदानी इलाकों की ओर बर्फीली हवाएं चल रही हैं जिससे कड़ाके की ठंड पड़ रही है. आने वाले दिनों में भी ठंड से राहत के आसार नहीं हैं लेकिन पश्चिमी विक्षोभ के आंशिक असर से आंशिक बादल छाने और 7 व 8 जनवरी को रात के तापमान में मामूली बढ़ोतरी की संभावना है. राज्य में 8 जनवरी तक आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है.