Haryana News: सीएम मनोहर लाल खट्टर का ऐलान 1 महीने मैं दोबारा से राशन सूची में डाले जाएंगे पात्रों के नाम
Haryana News : मुख्यमंत्री ने माना कि एक प्रतिशत गलती के अनुमान के हिसाब से हो सकता है कि 30 हजार लोगों के कार्ड पात्र होते हुए भी कट गए होंगे लेकिन सरकार इसको लेकर गंभीर है। सरकार की मंशा है कि पात्र लोग ही योजनाओं का लाभ उठाएं। जिनके घर सरकारी नौकरी है उनके बजाय गरीब लोगों को राशन मिलना चाहिए।
परिवार पहचान पत्र (पीपीपी) में अधिक आय होने के चलते 12 लाख से अधिक लोगों के बीपीएल राशन कार्ड काटे जाने पर प्रदेश में मचे घमासान के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बड़ा एलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनवरी में पात्र लोगों के नाम दोबारा से राशन सूची में जोड़े जाएंगे और दोगुना राशन दिया जाएगा।
पात्र व्यक्ति एडीसी ऑफिस या अटल सेवा केंद्र में जाकर पीपीपी को लेकर अपनी जानकारी दुरुस्त करा सकता है। सालाना आय 1.80 लाख तक वालों को दोबारा राशन की योजना से जोड़ा जाएगा। कम आय वालों के राशन कार्ड बीपीएल सूची से हटाने वाले अधिकारी व कर्मचारी पर जुर्माना भी लगाया जाएगा।
मुख्यमंत्री नए साल की पूर्व संध्या पर जनसंवाद कार्यक्रम के तहत वर्चुअल तरीके से जनता को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि पहले प्रदेश में 27 लाख लोग राशन का लाभ लेते थे लेकिन सरकार ने इसकी समीक्षा कराई। इसमें 12 लाख लोगों के राशन कार्ड काटे गए। तीन लाख और नए पात्र लोग योजना में शामिल किए गए, जिससे संख्या 15 लाख हो गई है।
मुख्यमंत्री ने माना कि एक प्रतिशत गलती के अनुमान के हिसाब से हो सकता है कि 30 हजार लोगों के कार्ड पात्र होते हुए भी कट गए होंगे लेकिन सरकार इसको लेकर गंभीर है। सरकार की मंशा है कि पात्र लोग ही योजनाओं का लाभ उठाएं। जिनके घर सरकारी नौकरी है उनके बजाय गरीब लोगों को राशन मिलना चाहिए।
नए साल में संकल्प
- अगले वर्ष राज्य सरकार का लक्ष्य प्रदेश के करीब एक लाख युवाओं को कौशलयुक्त करके विदेश में रोजगार दिलवाना है।
- निरोगी हरियाणा प्रोग्राम चलाया जाएगा जिसके तहत वर्ष 2023 में राज्य के 1.25 करोड़ लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा। भविष्य में हर दो वर्ष में प्रत्येक व्यक्ति का स्वास्थ्य-परीक्षण किया जाएगा और इसका रिकॉर्ड भी रखा जाएगा।
- भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान जारी रहेगी। इसके लिए जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा।
- ग्राम पंचायत, ब्लॉक समिति, जिला परिषद को उनके स्वायतत्ता के अधिकार दिए हैं ताकि गांव में पारदर्शिता से ज्यादा विकास हो सके।
पुराने वाहनों के लिए बनाई पॉलिसी
मुख्यमंत्री ने प्रदूषण के प्रति चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को साफ बनाने में सभी को सहयोग जरूरी है। 71 लाख पेड़ लगाकर वायु को शुद्ध करने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल के 15 साल व डीजल के 10 साल पुराने वाहन राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में प्रतिबंधित हैं और शेष हरियाणा के लिए भी सरकार ने मापदंड तय किए हैं। लोग प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों को छोड़कर पीएनजी-सीएनजी से चलने वाले वाहनों पर आएं। पुराने वाहनों को स्कैप किया जाएगा।